तुमसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सात आदतन अपराधी दो वर्षों के लिए तीन जिलों से तड़ीपार.
मंगलवार, 28 जुलाई 2026
Comment
दिगंबर देशभ्रतार
"साप्ताहिक जनता की आवाज"
भंडारा :- दि. 28 जुलाई। तुमसर शहर एवं आसपास के क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के जरिए दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने आदतन अपराधियों के खिलाफ तुमसर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को दो वर्षों के लिए भंडारा, गोंदिया और नागपुर जिलों की सीमा से तड़ीपार (जिलाबंद) कर दिया है।
यह आदेश उपविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) गणेश तिडके ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद जारी किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार तड़ीपार किए गए आरोपियों में शाहिद बशीर शेख (5 अपराध), साजिद बशीर शेख (7 अपराध), इरफान अली हसनअली सैय्यद (4 अपराध, जिनमें तीन अवैध गोमांस बिक्री से संबंधित), रविशंकर थोटे (6 अपराध, अवैध हाथभट्टी शराब प्रकरण), ऋषी टेकलाल वाघमारे (6 अपराध), मुकेश फूलचंद कुंभारे (5 अपराध, मुख्यतः जुआ प्रकरण) तथा सुरेंद्र फत्तू पिपलघरे (3 अपराध, जिनमें मवेशी चोरी, हत्या एवं जुआ से संबंधित मामले शामिल हैं) का समावेश है।
इन आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड तथा उनके कारण जनशांति एवं कानून-व्यवस्था पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 56 (1) (अ), 56(1)(ब) तथा संबंधित प्रावधानों के तहत तड़ीपार की कार्रवाई की गई।
तुमसर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सुभाष बारसे ने इन अपराधियों के विरुद्ध तड़ीपार का प्रस्ताव तैयार कर उपविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय को भेजा था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नितेश मोरे के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान में उपविभागीय पुलिस अधिकारी शिवम विसापुते, पुलिस निरीक्षक सुभाष बारसे, पुलिस निरीक्षक बालासाहेब आघाव (डी.बी. पथक), पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण सयाम, शरद रामटेके तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि इस सख्त कार्रवाई से तुमसर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
0 Response to "तुमसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सात आदतन अपराधी दो वर्षों के लिए तीन जिलों से तड़ीपार."
एक टिप्पणी भेजें